देहरादून । केंद्र की मोदी सरकार द्वारा रसोई गैस के दामों में की गई भारी वृद्धि के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद जनता को राहत न देना भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को दर्शाता है।
ज्योति रौतेला ने सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज जब विपक्ष संसद में पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा मांग रहा है, तब सरकार बहस से भाग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत अपनी संप्रभुता के बजाय अन्य देशों के दबाव में काम कर रहा है, जिसका सीधा असर देश की 140 करोड़ जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री संवाद करने के बजाय केवल चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं, जबकि देश में महंगाई के कारण हाहाकार मचा है। कर्नाटक और दिल्ली जैसे राज्यों में गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के कारण होटल और किचन बंद होने की नौबत आ गई है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि पिछले 12 वर्षों में रसोई गैस के दाम 450 रुपये से बढ़कर 1100 रुपये तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई नियंत्रित करने के बजाय अपने चहेते औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाने में जुटी है, जिनसे भाजपा को चुनावी बॉन्ड के माध्यम से भारी चंदा प्राप्त हुआ है। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिक मुद्दों के सहारे जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही गैस की कीमतों में कटौती कर महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया, तो महिला कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, चंद्रकला नेगी, पूनम सिंह और अनुराधा तिवारी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहीं।

Recent Comments