डायरेक्ट सेलिंग महिला उद्यमिता समिट 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया प्रतिभाग

महिला सशक्तिकरण के लिए उत्तराखंड सरकार के महत्वपूर्ण प्रयासों पर डाली रोशनी

नई दिल्ली,08मार्च 2025(आरएनएस )अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित डायरेक्ट सेलिंग महिला उद्यमिता समिट 2025 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने देशभर से आई महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जन-धन योजना के तहत 30 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खाते खोले गए हैं, लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 1 करोड़ से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है और मुद्रा योजना के तहत 30 करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियों को सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है, महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, और अब तक 1 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। वर्ष 2025 तक यह संख्या डेढ़ लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य सरकार की ‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ और ‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना’ जैसी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला, जिनका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

इस अवसर पर दिल्ली के सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री विनय रोहिला और डॉ. संजीव कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments