अल्पसंख्यकों के उत्थान को समर्पित धामी सरकार, मदरसा बोर्ड की जगह बना शिक्षा प्राधिकरण, UCC से रचा इतिहास 

देहरादून ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के उत्थान के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की मंशा है कि केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। 

शनिवार को अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर, देहरादून द्वारा आयोजित ‘लाभार्थी सम्मेलन’ में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वरोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से अपने जीवन में आए बदलाव साझा किए। लाभार्थियों ने बताया कि इन योजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के नए अवसर मिले हैं और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उसके स्थान पर राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया है। 
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख शिक्षा देना है। अब विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बराबर अवसर मिलेंगे। धामी ने कहा कि शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम मानते हुए सरकार हर बच्चे को बेहतर भविष्य देने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनकर इतिहास रच चुका है। 
इस कानून का मकसद महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और न्याय देना है। UCC सामाजिक समरसता, पारदर्शिता और समान अवसर की भावना को मजबूत करेगा और राज्य में सभी नागरिकों के लिए एक जैसी न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित करेगा।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की कार्यसंस्कृति बदली है। अब योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है। डबल इंजन सरकार का लक्ष्य हर वर्ग को समान अवसर देकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। 
उन्होंने गिनाया कि महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों की आय बढ़ोतरी, गरीबों के उत्थान, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आवास, पेयजल, सड़क, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार ने ठोस काम किए हैं। सरकार की कोशिश सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देना है।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से कहा कि वे अपने अनुभव और योजनाओं की जानकारी अपने आसपास के पात्र लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक परिवार इनका लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के सुझावों के आधार पर योजनाओं को और बेहतर बना रही है, क्योंकि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक विनोद चमोली, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं दायित्वधारी दिनेश अग्रवाल, देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लिए आभार जताया और कहा कि इन पहलों से उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा का नया भरोसा मिला है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments