होली के रंगों में रंगी देहरादून कांग्रेस: ‘कद्दू भाई’ के आयोजन में पूर्व सीएम हरीश रावत ने उड़ाया अबीर-गुलाल

देहरादून। रंगों के त्योहार होली ने सियासी गलियारों में भी समा बांध दिया है। देहरादून की कांग्रेस इकाई ने सोमवार को भव्य होली मिलन समारोह आयोजित कर सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव संजय कनौजिया, जिन्हें ‘कद्दू भाई’ के नाम से भी जाना जाता है, ने सुभाष रोड स्थित लॉर्ड वेंकटेश वेडिंग पॉइंट में होली के भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद पूरा पंडाल रंगों में सराबोर हो गया। नेता और कार्यकर्ता एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर, फूलों की वर्षा कर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं देते रहे। गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकधुनों के साथ बॉलीवुड के गीतों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर वहां मौजूद सभी लोग झूमने को मजबूर हो गए।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा, “होली प्रेम, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। यह त्योहार हमें एक-दूसरे के करीब लाता है और गिले-शिकवे भुलाने का संदेश देता है।” उन्होंने भगवान वेंकटेश का आशीर्वाद भी लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

आयोजक और कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संजय कनौजिया (कद्दू भाई) ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “ऐसे आयोजन पार्टी परिवार को मजबूत करने और गिले-शिकवे दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” कनौजिया ने प्रदेशवासियों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर होली के त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, संजय शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और मिठाइयां खिलाकर पर्व की बधाई दी।

देहरादून में पूरे दिन कांग्रेस के विभिन्न नेताओं द्वारा अलग-अलग स्थानों पर इस तरह के रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों ने न केवल त्योहार की खुशियां बांटने का काम किया, बल्कि पार्टी में एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का यह प्रयास रहा कि होली का पर्व केवल रंगों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज में प्रेम और सद्भाव की भावना को मजबूत करे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments