

देहरादून । भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह (JWG) की 14वीं बैठक 20 और 21 अगस्त 2026 को देहरादून में आयोजित हुई। बैठक में दोनों देशों ने सीमा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव (बीएम-I) पौसुमी बासु ने किया, जबकि नेपाल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद कफ्ले ने किया।
बैठक के दौरान सीमा पार से होने वाले अपराधों और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, सीमा पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से एकीकृत जांच चौकियों (ICP), सड़कों और रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा हुई।

इसके अलावा सीमा क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने और सीमा स्तंभों (बाउंड्री पिलर) के रखरखाव से जुड़े विषयों पर भी दोनों पक्षों ने अपने विचार साझा किए। दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत समन्वय और क्षमता विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में दोनों पक्षों ने सीमा प्रबंधन और सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर सहयोग बनाए रखने तथा आपसी समन्वय को और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक के अंत में अगली भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह की बैठक नेपाल में आयोजित करने पर सहमति बनी। इसकी तिथि दोनों देशों की आपसी सुविधा के अनुसार तय की जाएगी।

Recent Comments