

एकेश्वर/पौड़ी। भाजपा सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का काम कर रही है। लखपति दीदी योजना का उद्देश्य केवल आय बढ़ाना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और समाज में नेतृत्व की भूमिका के लिए सक्षम बनाना है।
उक्त बातें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बुधवार को एकेश्वर पणखेत विकासखंड मुख्यालय में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित “लखपति दीदी सम्मेलन” को संबोधित करते हुए कहीं।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के विभिन्न विकासखंडों से 48 लखपति दीदी बनी महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नूतन तनू पंत सहित 48 वरिष्ठ महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जो समाज में सेवा कार्य कर रही हैं।
मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला, जन-धन, मुद्रा, नमो ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति परिश्रमी और संघर्षशील रही है। पहाड़ की महिलाएं खेती, पशुपालन और परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अब उद्यम से भी जुड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि अब समय है महिलाओं को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, विपणन और वित्तीय सहायता से जोड़ने का। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक बहनें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ें, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें और “वोकल फॉर लोकल” के माध्यम से अपने उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाएं।
“भाजपा सरकार का संकल्प है महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर देना। जब मातृशक्ति सशक्त होगी, तभी उत्तराखंड और भारत सशक्त बनेगा।”
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीमा सजवाण, जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी, गढ़वाल संयोजक रेखा डंगवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, सम्मेलन संयोजक रेनू घिल्डियाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। संचालन मधुबाला और रजनी मोर्या ने किया।


Recent Comments