“पौड़ी में 79वां स्वतंत्रता दिवस: देशभक्ति, पौधरोपण और विकास का संकल्प”

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के जोश के साथ मनाया गया। सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण के बाद मुख्य समारोह संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ, जहां विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में भी ध्वजा रोहण किया।
विधायक राजकुमार पोरी ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और ऊर्जा से राष्ट्र को सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा, “यह पावन दिन हमें एकता और विकास के लिए प्रेरित करता है।” जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्वतंत्रता दिवस को कर्तव्य स्मरण का अवसर बताते हुए जिले की सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण पर जोर दिया।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और पर्यटन को जिले की प्राथमिकताएं गिनाते हुए जनता से सहयोग मांगा। नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने तिरंगे को देश की शान बताते हुए स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के लिए प्रतिबद्धता जताई।
समारोह में स्कूली बच्चों की देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावविभोर कर दिया। दर्शकों ने तालियों से इनका उत्साह बढ़ाया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने कैम्प कार्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बांज का पौधा लगाया और पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी पर बल दिया। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला सहित कई अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। यह आयोजन पौड़ी की वीरभूमि को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments