

परेड ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में, DM-SSP ने लिया जायजा
देहरादून।राजधानी देहरादून में इस बार स्वतंत्रता दिवस का जश्न खास होगा। 15 अगस्त को परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रशासन-पुलिस समारोह को भव्य, अनुशासित और सुरक्षित बनाने में जुटी है।
बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
समारोह सुबह 10 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर मार्च करेंगी।
डीएम ने मुख्य अतिथियों के लिए बैठने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, पेयजल और स्वागत-सत्कार की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम और लाइव प्रसारण के लिए लगाई जा रही एलईडी स्क्रीन का भी जायजा लिया।
डीएम ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी माइक्रो प्लानिंग के साथ समन्वय कर काम करें। स्वतंत्रता दिवस समारोह में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और सराहनीय सेवा देने वाले पुलिस व विभागीय अधिकारियों को सम्मानित करेंगे।
15 अगस्त से पहले 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इसमें 1947 के विभाजन पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द पर विशेष प्रदर्शनी और नगर निगम परिसर में शाम को कवि सम्मेलन आयोजित होगा। डीएम ने इसके लिए भी तैयारियां अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार, पीडी विक्रम सिंह सहित लोक निर्माण, एमडीडीए, पर्यटन, उद्यान और पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments