डोईवाला-विकासनगर में 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, कालाबाजारी पर जिला प्रशासन की सख्ती तेज

देहरादून।  जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को डोईवाला और विकासनगर क्षेत्र के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां से कुल 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जिला प्रशासन के अनुसार, एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलिवरी सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण कर रही हैं और मांग, आपूर्ति तथा वितरण से जुड़ी सभी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद की गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों का भी नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और आम उपभोक्ताओं को सुचारु आपूर्ति मिल सके।

इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने शनिवार को शहर क्षेत्र में विभिन्न गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बडोवाला स्थित बालाजी रिटेल आउटलेट पेट्रोल पंप का भी जायजा लिया गया। साथ ही हीरा गैस एजेंसी से अन्य एजेंसियों में गैस कनेक्शन ट्रांसफर किए जाने की प्रक्रिया के संबंध में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के अधिकारियों से वार्ता की गई।

जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने साफ किया है कि घरेलू और व्यावसायिक दोनों श्रेणियों के एलपीजी सिलेंडरों का लोड लगातार बढ़ाया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए गए हैं। इन माध्यमों से अब तक कुल 20 शिकायतें दर्ज हुई हैं। कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग की टीम गैस आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता और अन्य समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।

जिले में शनिवार को लगभग 15,987 उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर तथा 874 उपभोक्ताओं को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं, उपलब्ध स्टॉक में 30,492 घरेलू और 4,283 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर मौजूद हैं। प्रशासन का कहना है कि आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा है कि गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments