हरिद्वार/देहरादून,02frvary2025(आरएनएस) खानपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक कुंवर चैम्पियन और वर्तमान विधायक उमेश कुमार के बीच लंबे समय से जारी राजनीतिक तनाव अब समाप्ति की ओर बढ़ता दिख रहा है। किसान नेता राकेश टिकैत के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
समझौते की पहल में आगे आए राकेश टिकैत
किसान नेता राकेश टिकैत ने शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर सबसे पहले कुंवर चैम्पियन की पत्नी रानी देवयानी से मुलाकात की। इसके बाद वे जेल में बंद गुर्जर नेता कुंवर चैम्पियन से भी मिले। वहां से लौटने के बाद टिकैत ने देहरादून में विधायक उमेश कुमार से भी बातचीत की।
टिकैत ने दोनों पक्षों से अलग-अलग चर्चा करने के बाद समझौते का एक प्रस्ताव रखा, जिसके तहत गुर्जर और ब्राह्मण समाज के 50-50 प्रतिनिधियों की बैठक होगी। इस बैठक में लिए गए निर्णय को दोनों पक्षों को मानना होगा। कुंवर चैम्पियन और उमेश कुमार दोनों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जता दी है।
तनाव के पीछे की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि हाल ही में अवैध फायरिंग मामले में कुंवर चैम्पियन को जेल भेजा गया था, जबकि सरकार ने उमेश कुमार का बन्दूक लाइसेंस निरस्त कर दिया था। इस पूरे विवाद ने तूल तब पकड़ा जब दोनों नेताओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। मामले को गंभीर मानते हुए कोर्ट ने भी संज्ञान लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू की।
टिकैत बोले – जल्द होगा समाधान
समझौते की पहल पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, “यह एक राजनीतिक लड़ाई थी, जो समाजों के बीच की लड़ाई बन गई थी। लेकिन अब दोनों पक्ष तनाव खत्म करने के पक्ष में हैं। हम चाहते हैं कि खानपुर में स्थायी शांति बनी रहे, इसलिए यह बीच का रास्ता निकाला गया है।”
टिकैत ने दोनों पक्षों से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक बयानबाजी से बचने की भी अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही यह विवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा और खानपुर में शांति स्थापित होगी।
क्षेत्र में शांति बहाली की उम्मीद
इस पहल के बाद खानपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर शांति बहाली की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह समझौता सफल रहा तो क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जातीय और राजनीतिक टकराव की स्थिति खत्म हो सकती है।

Recent Comments