देहरादून(आरएनएस)। नेहरुग्राम स्थित एसजीआरआर स्कूल के बाहर छात्रों में खूनी संघर्ष हुआ। आपसी रंजिश में तीन छात्रों ने एक छात्र के सिर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। हमले में गंभीर घायल छात्र का आईसीयू में उपचार चल रहा है। रायपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है। रायपुर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह नेगी ने बताया कि नरेश कुमार निवासी मोहकमपुर ने तहरीर दी। बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा अथर्व कुमार एसजीआरआर नेहरुग्राम में नौंवी कक्षा में पढ़ता है। स्कूल में नौंवीं कक्षा के छात्र सुमित कांबोज और 11वीं कक्षा के सागर पाठक, अमन प्रजापति से किसी बात पर रंजिश शुरू हुई। दोनों ने 29 जनवरी को अथर्व को धमकी दी कि उसे स्कूल के बाहर देख लेंगे। आरोप है कि 31 जनवरी को छुट्टी के बाद तीनों ने अथर्व पर जानलेवा हमला किया। वह गंभीर घायल और निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। छात्र के पिता ने शनिवार को रायपुर थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष प्रदीप नेगी ने बताया कि आरोपी छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Recent Comments