महाकुंभ 2025 : भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक आज त्रिवेणी संगम पर लगाएंगे पवित्र डुबकी

महाकुम्भ प्रयागराज,04फरवरी2025(एजेंसियां)भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक आज (मंगलवार) त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगाएंगे। भूटान नरेश नामग्याल वांग्चुक सोमवार को लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वांग्चुक का स्वागत किया।

भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक आज महाकुंभ में शामिल होने के लिए प्रयागराज रहेंगे। कल लखनऊ पहुंचने पर एयरपोर्ट पर वांग्चुक की अगवानी की सीएम योगी ने की। उन्होंने भूटान नरेश को गुलदस्ता भेंट किया और उनकी कुशलक्षेम पूछी। भूटान नरेश ने भी मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। बताया जा रहा है कि भूटान नरेश संगम में आस्‍था की डुबकी लगाने के बाद अक्षय वट और बड़े हनुमान मंदिर में भी दर्शन के लिए जाएंगे।

सीएम योगी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने एक्स पर कहा, “शौर्य, संस्कार एवं सांस्कृतिक समरसता की पावन भूमि उत्तर प्रदेश में भूटान के महामहिम नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन !”

इसके बाद भूटान के नरेश उत्तर प्रदेश के राजभवन पहुंचे, जहां प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।

आधिकारिक बयान के अनुसार इस अवसर पर भूटान नरेश ने राजभवन स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। राजभवन में भूटान नरेश के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें भूटान के प्रतिनिधिमण्डल एवं भारत सरकार तथा प्रदेश सरकार के प्रमुख अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथिगण सम्मिलित हुए।

भूटान नरेश एवं उनके प्रतिष्ठित प्रतिनिधिमंडल का राजभवन में स्वागत करते हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री जी ने भारत-भूटान संबंधों पर विस्तृत चर्चा की, जिसमें भारत-भूटान संस्कृति और आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया।

दरअसल भारत और भूटान में मैत्री और सहयोग के सौहार्दपूर्ण संबंध हैं, जिनमें सभी स्तरों पर आपसी समझ, भरोसा और भरपूर सहयोग झलकता है। भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान की रानी जेटसन पेमा वांगचुक ने पिछले साल दिसंबर में भारत की यात्रा की थी। इस यात्रा के दौरान भूटान नरेश और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच द्विपक्षीय सहयोग और आपसी हित के सभी क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई थी।

भूटान नरेश का यह दौरा भारत-भूटान मित्रता एवं सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments