त्यूणी के साठ गांवों में 13 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति

विकासनगर(आरएनएस)।   त्यूणी क्षेत्र में मंगलवार रात से बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सहिया-त्यूणी 33 केवी विद्युत लाइन में फॉल्ट आने से क्षेत्र के करीब 60 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। ठंड में बिजली गुल होने से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। साहिया-त्यूणी 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से मंगलवार रात डेढ़ बजे से कथियान, अटाल, रायगी, केराड़, दारागाड, हनोल बृनाड़, गेट बाजार के फीडरों से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सर्दी के मौसम में बिजली गुल होने से लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ी। ठंड से ठिठुरने के साथ ही ग्रामीणों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। सुबह नींद से जागते ही लोगों को घरों में बिजली के उपकरण बंद पड़े मिले। स्थानीय निवासी रणवीर सिंह, कृपाल सिंह, कुंवर सिंह, श्याम सिंह, सरदार सिंह, आकाश, मदनलाल, प्रकाश, मूरतराम, सुरेंद्र सिंह, रमेश, हीरा सिंह ने बताया कि सर्दी के मौसम में बार-बार बिजली लाइन में खराबी आने से हजारों ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यूपीसीएल अधिकारियों से कई बार समस्या के स्थाई समाधान की मांग की जा चुकी है, लेकिन ग्रामीणों की समस्या को अनसुना किया जा रहा है। बताया कि मंगलवार रात आई खराबी से साठ से अधिक गांवों की आपूर्ति ठप रही, इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ। यूपीसीएल कर्मी बुधवार सुबह से ही फॉल्ट ठीक करने की जद्दोजहद में लगे रहे। दोपहर ढाई बजे कर्मियों ने गुम्मा, मीनस, मयार और आसोई में लाइन में आए फॉल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल की। उधर, यूपीसीएल के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार रात अचानक आपूर्ति बंद हो गई थी, इसे बुधवार दोपहर बाद सुचारु किया गया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments