नई टिहरी(आरएनएस)। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को पत्र भेजकर सरकारी और निजी अस्पतालों में आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) और सीसीयू (कोरोनरी केयर यूनिट) की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और व्यवस्थित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पतालों में इन यूनिटों के आसपास के मरीजों पर कई बार नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जैसा कि कोरोना महामारी के दौरान हुआ था। विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि अस्पतालों में गंभीर हालत वाले मरीजों को आईसीयू और सीसीयू में रखा जाता है। इनमें से कई बार मरीजों की मृत्यु हो जाती है, लेकिन इसका अन्य मरीजों पर प्रतिकूल असर पड़ता है। विशेष रूप से कोरोना काल में, जब हजारों लोग भय के कारण अपनी जान गंवा बैठे थे, यह स्थिति और भी चिंताजनक हो गई थी। उन्होंने सुझाव दिया कि आईसीयू और सीसीयू को पार्टिशन (विभाजन) किया जाना चाहिए, ताकि एक मरीज की मृत्यु का नकारात्मक असर अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों पर न पड़े। उनका कहना था कि इस तरह के बदलाव से अस्पतालों में माहौल बेहतर होगा और मरीजों की मानसिक स्थिति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और राज्य स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से अपील की है कि वे इस मुद्दे पर ध्यान दें और अस्पतालों को इस दिशा में आवश्यक निर्देश देने के लिए कदम उठाएं। विधायक किशोर ने इस मुद्दे को छोटे से बड़े अस्पतालों तक लागू करने की आवश्यकता जताई, क्योंकि यह विषय सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा हुआ है।

Recent Comments