
हल्द्वानी(आरएनएस)। हल्द्वानी के गांवों को भी जल्द शहरी मानक के अनुसार पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इसके लिए जल निगम ने कवायद शुरू कर दी है। गांव के हर घर तक पानी पहुंचाने को पेयजल योजनाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके अनुसार पेयजल की आपूर्ति साधनों को बढ़ाने का काम किया जाएगा। जिससे हर ग्रामीण तक रोज 135 लीटर पानी मिलेगा।
हल्द्वानी में लगातार बढ़ रही आबादी से गांव शहर का आकार ले रहा है। 2018 में 36 गांवों को निगम में शामिल कर वार्ड बनाए गए हैं। अभी भी निगम क्षेत्र से बाहर के गांवों में लगातार कॉलोनिया विकसित होने से नए घर बने रहे हैं। जिससे इनका आकार अर्धनगरीय हो गया। यहां रहने वाले लोगों की पानी की मांग लगातार बढ़ रही है। यहां अभी जल जीवन मिशन योजना (जेजेएम) के तहत पेयजल का काम किया जा रहा है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की योजना होने से ग्रामीण मानक के अनुसार हर व्यक्ति को रोजाना 55 लीटर पानी देने के अनुसार इन्हें डिजाइन किया गया। जबकि शहरीकरण होने से इनकी मांग शहर की तरह हो गई है। अब इसके समाधान को जल निगम ने कवायद शुरू कर दी है। विभाग पूरी हो चुकी योजनाओं को अपग्रेड करने की तैयारी कर रहा है। पेयजल की बढ़ी मांग को पूरा करने को गांव में पेयजल आपूर्ति के साधन विकसित करने के साथ ही ओवर हैड टैंक की संख्या बढ़ाया जाना प्रस्तावित किया है।
जमरानी परियोजना में 117 गांवों को मिलेगा शहर के मानक का पानी
गौला में निर्माणाधीन जमरानी बांध से हल्द्वानी की पेयजल की मांग पूरी की जानी है। पूर्व में बांध से केवल शहरी क्षेत्र तक पानी पहुंचाना प्रस्तावित था। वहीं अब जल निगम ने गांवों में हो रहे शहरीकरण के अनुसार 177 गांवों तक पानी पहुंचाने का डिजाइन तैयार किया है। बांध निर्माण पूरा होते ही यहां शहरी मानक के आधार पर पानी मिलना शुरू हो जाएगा।
हर साल बढ़ रहे 1500 कनेक्शन
हल्द्वानी में नए घर और व्यावसायकि प्रतिष्ठानों के बनने से हर साल 1500 नए कनेक्शन बढ़ रहे हैं। इनमें अधिकांश गांव में लिए जा रहे हैं। जल संस्थान के अनुसार 2023 में जहां कनेक्शन की संख्या 65235 थी, वहीं 2024 में यह बढ़कर 66758 हो गई है। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि कितनी तेजी से मांग बढ़ रही है।
जल जीवन मिशन की योजना को अपग्रेड किया जा रहा है। जिससे 135 लीटर के मानक से पानी दिया जा सके। प्रस्ताव बना कर मुख्यालय को भेजा जा रहा है। – ज्योति पालनी, अधिशासी अभियंता जल निगम

Recent Comments