गुमशुदा युवती को पुलिस ने गुड़गांव, हरियाणा से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया
देहरादून, दिनांक 15/02/2025(आरएनएस) गुमशुदगी की घटना को देखते हुए देहरादून पुलिस ने एक बार फिर अपनी तेज और प्रभावी कार्यशैली का परिचय देते हुए एक 19 वर्षीय युवती को गुड़गांव, हरियाणा से सकुशल बरामद किया। युवती के परिजनों ने दून पुलिस के त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना की है।
कोतवाली डालनवाला के अनुसार, दिनांक 13-02-2025 को एक वादी निवासी चमोली ने थाना डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पुत्री, जो बृजलोक कालोनी, देहरादून में अपने मामा के घर पर रह रही थी, 12 फरवरी को बिना बताए कहीं चली गई है। उन्होंने बताया कि युवती का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की।
SSP देहरादून के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवती की तलाश के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया। कोतवाली डालनवाला की एक टीम का गठन किया गया, जिसने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज और परिवहन स्थलों का निरीक्षण किया।
जांच में मिली जानकारी के अनुसार, युवती गुड़गांव में थी। पुलिस टीम ने उनके परिजनों को साथ लेकर गुड़गांव पहुंची और वहां से युवती को सकुशल बरामद किया। पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि वह अपने माता-पिता से नाराज होकर बिना बता गुड़गांव नौकरी करने की इच्छा से चली गई थी।
युवती की काउंसलिंग के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई से प्रभावित होकर परिजनों और स्थानीय व्यक्तियों ने दून पुलिस की सराहना की है।
पुलिस टीम:
- उ0नि0 कीर्ति लाल
- का0 अनिल कुमार

Recent Comments