मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का माँ गंगा के मायके मुखवा एवं सीमांत क्षेत्र हर्षिल घाटी में आगमन पर सभी प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए एक सौभाग्य की बात है कि यहाँ के विकास और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन एवं सहयोग सदैव प्राप्त होता रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में विभिन्न सफलताएँ हासिल की गई हैं, जैसे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, विश्व स्तरीय जी-20 सम्मेलन, यूसीसी कानून का कार्यान्वयन और हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य आयोजन। उन्होंने उल्लेख किया कि राज्य पर जब भी कोई विपदा आई है, जैसे केदारनाथ यात्रा मार्ग पर प्राकृतिक आपदा या जोशीमठ भूधंसाव, प्रधानमंत्री जी हमेशा राज्य की मदद के लिए खड़े रहे।

मुख्यमंत्री ने 4,081 करोड़ रूपए की लागत से गौरीकुंड से केदारनाथ और 2,730 करोड़ रूपए से अधिक की लागत से गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे निर्माण की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन रोपवे परियोजनाओं के पूर्ण होने से तीर्थयात्रियों को आवगमन में सुगमता होगी और प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि चारधाम यात्रा राज्य की अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख आधार है और इस साल से शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की गई है, जिससे शीतकाल में भी स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही सीमांत क्षेत्र में ट्रेकिंग, माउंटेन बाइकिंग और अन्य एडवेंचरस एक्टिविटीज को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह और विधायक श्री सुरेश चौहान भी उपस्थित थे।

Recent Comments