
नई दिल्ली,05 मार्च (आरएनएस)। दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा विकास कार्यों के लिए जब राजौरी गार्डन पहुंचे तो उन्होंने पुरानी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पुरानी सरकार जो आपदा थी उसकी वजह से साल भर चुनौतियां रहेंगीं, लेकिन जल्द ही दिल्ली बदली-बदली नजर आएगी.
दिल्ली सरकार के पर्यावरण और खाद्य आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा अपने विधानसभा इलाके में कई विकास कार्यों के उद्घाटन के लिए पहुंचे. इस मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. इस बीच में मनजिंदर सिंह सिरसा ने पार्कों के सौंदर्य करण के उद्घाटन के साथ-साथ सडक़ को बेहतर बनाने के काम का भी उद्घाटन किया.
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आपदा की सरकार ने दिल्ली को बीमार करके हमारी सरकार को दिया है. इसलिए पहले साल चुनौतियां ही चुनौतियां रहेगी. खासतौर पर गर्मी और बरसात के मौसम को लेकर इस बीमारू सिस्टम को ठीक करना है, लेकिन थोड़ा वक्त लग सकता है. इसके बाद आपदा की बीमारी को ठीक करना है. उन्होंने कहा कि सडक़ों का काम भी शुरू कर दिया गया है. साथ ही पानी के ऊपर भी काम शुरू हो गया है. इस बारे में कई बैठकें हो चुकी हैं.
उन्होंने कहा कि न सिर्फ अपनी विधानसभा बल्कि पूरी दिल्ली को बेहतर बनाने का जो मोदी का संकल्प है उसे पूरा करेंगे. पानी की बेहतर व्यवस्था, सीवर की नई लाइन, नई सडक़, कूड़े के पहाड़ को हटाया जाएगा और लोगों को एक बेहतर दिल्ली जल्द ही देखने को मिलेगी. उन्होंने कहा कि काम होता हुआ दिल्ली वालों को महसूस होगा.
उन्होंने कहा कि हम अपनी विधानसभा के साथ-साथ पूरी दिल्ली में बेहतर पार्क, बेहतर सडक़, बेहतर सीवर सिस्टम और बेहतर पानी की व्यवस्था करने में जुटे हुए हैं. उन्होंने कहा कि अभी नई सडक़ नई सीवर लाइन के काम का उद्घाटन कर रहे हैं. क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत विजन है, इस लिए सारे काम तेजी से हो रहे हैं. इस दौरान उन्होंने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर पूछे गए सवाल पर कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की कोई दिक्कत नहीं है, क्योंकि गृह मंत्री लगातार इस पर नजर रख रहे हैं.
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सिर्फ आपदा की सरकार ने इस मामले को बढ़ा चढ़ा कर पेश किया था. उनके साथ पंजाब के सुरक्षा दस्ते का पूरा कुनबा चल रहा था. उन्होंने सिर्फ ड्रामा और फ्रॉड किया. उन्होंने दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी जमकर हमला बोला. साथ ही उन्होंने कहा जल्द ही महिलाओं को 2500 रुपए देने की योजना पर भी काम होगा.

Recent Comments