देहरादून,07मार्च 2025(आरएनएस ) मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सचिवालय संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने सचिवालय के सभी कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और महिलाओं को समानता का अधिकार देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने कहा कि “मेरा सभी से आग्रह है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम महिलाओं को समानता का अधिकार देने का संकल्प लें। हम सभी को प्रतिज्ञा करनी होगी कि यदि हम अपने आसपास, परिवार या समाज में कहीं भी महिलाओं के प्रति किसी प्रकार का भेदभाव देखें तो उसके खिलाफ आवाज उठाएंगे। हमें महिलाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। इससे हम पूरे समाज और देश में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।”

उन्होंने विकसित भारत, सशक्त उत्तराखंड और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को पूरा करने के लिए महिलाओं को बराबरी का अधिकार देते हुए कार्यबल में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि “यदि हमें जीएसडीपी को दोगुना करने का लक्ष्य जल्द पूरा करना है तो अधिक से अधिक महिलाओं को भी वर्कफोर्स से जोड़ना होगा।”
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्मिकों और होमगार्ड को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सचिवालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


Recent Comments