एम्स ऋषिकेश और रेल विकास निगम के बीच हुआ समझौता

ऋषिकेश(आरएनएस)।  एम्स ऋषिकेश अब ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में लगे श्रमिकों और अन्य कर्मचारियों को भी टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा। इसके लिए रेल विकास निगम और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के मध्य एमओयू करार किया गया है। केन्द्र सरकार की महत्वकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में लंबे समय से कार्य चल रहा है। इस परियोजना में कई अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा हजारों श्रमिक कार्य कर रहे हैं। इन श्रमिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्या को देखते हुए टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करवाने हेतु विगत दिवस एम्स ऋषिकेश और रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के बीच एमओयू (मेमोरेन्डेम ऑफ अंडरस्टेन्डिंग) गठित किया गया। इस समझौता ज्ञापन में एम्स ऋषिकेश की ओर से संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह एवं रेल विकास निगम लिमिटेड की ओर से निगम के डीजीएम ओम प्रकाश मालगुड़ी ने हस्ताक्षर किए। एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो मीनू सिंह ने एमओयू के बारे में बताया कि रेल परियोजना के हजारों श्रमिक इस सुविधा से स्वास्थ्य संबंधी लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि आरवीएनएल को टेलीकंसल्टेशन सुविधा उपलब्ध करवाने के अलावा जरूरत पड़ने पर एम्स, परियोजना के विभिन्न स्थानों पर श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन करेगा। इस अवसर पर संस्थान के विधि अधिकारी प्रदीप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख निजी सचिव विनीत कुमार, डॉ. विवेक सिंह मलिक और ख्याति गुप्ता आदि मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments