संगत की नगर परिक्रमा का दून वासियों ने किया फूलों से स्वागत

देहरादून(आरएनएस)।   दरबार श्री गुरु राम राय महाराज के तत्वावधान में श्री झण्डा महोत्सव-2025 के तहत श्रीमहंत देवेन्द दास महाराज संग संगतों ने ऐतिहासिक नगर परिक्रमा की। मार्ग में जगह जगह संगतों पर फूल बरसाए गए। नगर का कोना कोना गुरु महाराज की जय जयकार से गुंजायमान रहा। श्री झंडा जी के आरोहण के तीसरे दिन दून में गत 349 साल से निरंतर नगर परिक्रमा की जाती रही है। शुक्रवार को भी इस परंपरा का अनुसरण किया गया। संगत में सैकड़ों की संख्या में संगत पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह से शामिल हुई। नगर परिक्रमा सुबह साढ़े सात बजे श्री दरबार साहिब परिसर से आरंभ हुई। जो सहारनपुर चौक, कांवली रोड, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल पहुंची। यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया गया। यहां से संगत तिलक रोड, टैगोर-विला, घण्टाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग पुलिस चौकी से रीठा मण्डी, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग पहुंची। पैदल चल रही संगत का उत्साह चरम पर था। बॉम्बे बाग में संगतों को गन्ने के प्रसाद बांटा गया। इसके बाद ब्रहमलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर संगतों ने मत्था टेका। इसके बाद संगत सहारनपुर चौक होते हुए दोपहर में वापस श्री दरबार साहिब वापिस पहुंची। नगर परिक्रमा के साथ ही देश प्रदेश से आई संगतों की वापसी भी शुरू हो गई। वापसी से पहले संगतों ने गुरु महाराज की पूजा अर्चना कर श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज का आर्शीवाद हासिल किया। श्रीमहंत ने अपने संदेश में सभी को सौहार्द, भाईचारे और मानवता का पाठ पढ़ाया। मुख्य व्यवस्थापक मधुसूदन सेमवाल ने जानकारी दी कि शुक्रवार को नगर परिकमा के बाद कई संगतों की विदाई हुई है। इसके बाद मेले में बाहर से आने वाले और स्थानीय श्रद्धालुजन श्री झंडा जी मेले की रौनक में शामिल होते रहते हैं।

विहिप बजरंग दल ने बरसाए संगत पर फूल
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल महानगर ने श्री झंडा जी मेले में नगर परिक्रमा के लिए आई संगत पर सवा कुंटल गुलाब, गेंदे के पुष्पों की वर्षा की। बजरंग दल प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा और अन्य पदाधिाकरियों ने श्री गुरु राम राय महाराज के पवित्र शबद गाकर संगत का उत्साहवर्धन भी किया। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने दो जगह स्वागत स्टॉल लगाए। इसमें एक स्टॉल कांवली रोड पर प्रांत पदाधिकारी नवीन गुप्ता के संयोजन में था। यहां पर हलवे का भोग प्रसाद व पुष्प वर्षा की गई। दूसरा स्टॉल घंटाघर पलटन बाजार में लगाया गया। मौके पर नवीन गुप्ता, विहिप अध्यक्ष राजेश सोमवंशी, सत्संग प्रमुख आशीष बलूनी, प्रभात वर्मा, हनुमत सेवा समिति अध्यक्ष संदीप वाधवा, मंत्री मनोज जुनेजा, प्रखंड अध्यक्ष सोनू गुप्ता, प्रखंड संयोजक बजरंग दल अभिषेक सोनकर, ऋषभ उपाध्यक्ष सुमित वाधवा, सुरेश गुप्ता, अमित बलूनी मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments