फूल डालने के साथ देहरी पर जागरूकता भी— ‘फूल देई, वोट देई’ अभियान से बच्चों ने संभाली जिम्मेदारी

रुद्रप्रयाग,22मार्च 2025(आरएनएस )। उत्तराखंड की पारंपरिक लोक परंपरा फूलदेई इस बार एक नए संदेश के साथ मनाई जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर जनपद रुद्रप्रयाग में फूलदेई के अवसर पर मतदाता जागरूकता का अनूठा प्रयास किया जा रहा है।

‘फूल देई, वोट देई’ अभियान के तहत जनपद के तीनों विकासखंडों में बच्चे लोक परंपरा निभाते हुए घर-घर देहरी पर फूल बिखेर रहे हैं और साथ ही लोकतंत्र के महापर्व—मतदान—का संदेश भी दे रहे हैं। वे लोगों को प्रेरित कर रहे हैं कि जैसे घर की देहरी पर फूल डालना शुभ माना जाता है, वैसे ही मतदान करना भी हर नागरिक का कर्तव्य है।

SVEEP (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) के जिला समन्वयक वी.के. यादव ने बताया कि यह अभियान पूरे मार्च माह तक चलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इस पहल को लेकर उत्साह है, और बच्चे गांव-गांव जाकर लोगों से मतदान में भागीदारी की अपील कर रहे हैं।

इस अभियान का उद्देश्य लोक पर्व और लोकतंत्र की महत्ता को जोड़ते हुए लोगों को यह संदेश देना है कि जैसे फूलदेई में सभी की सहभागिता जरूरी है, वैसे ही चुनाव में वोट डालना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने भी इस अनूठी पहल की सराहना की है। इस बार फूलदेई सिर्फ खुशहाली की दुआ लेकर नहीं आई, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प भी लाई है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments