देहरादून, 27 मार्च 2025(आरएनएस )जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में खाद्य गोदाम गुलरघाटी में प्रशासनिक अमले की लगातार कार्रवाई जारी है। आज फिर से 12 लॉट के सैंपल फेल हुए हैं, जिससे गोदाम में रखे अनाज की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में, डीएम ने एसएमओ और एआरओ को सस्पेंड करने का मन बना लिया है, जबकि सभी लॉट में अनियमितताओं की जांच की जा रही है। प्रशासनिक टीम ने Mixed Indicator Method के तहत अनाज की सैंपलिंग की है, जिसमें जांच के दौरान कई लोट में रखे चावल मानकों पर खरे नहीं उतरे।

डीएम ने गोदाम में उचित रखरखाव की कमी और रजिस्टर मेंटेन न होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की और अनाज को नष्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट (FIFO) आधार पर खाद्यान्न के स्टोर और विपणन के लिए उचित व्यवस्था करने का आदेश दिया।
प्रशासनिक टीम में अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, संभागीय खाद्य निरीक्षक बंशी लाल राणा सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि खराब अनाज जनमानस तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

जिला प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के प्रति अभी भी प्रतिबद्ध है।

Recent Comments