देहरादून, 04 अप्रैल 2025: उत्तराखंड में औषधि प्रशासन विभाग को बड़ी मजबूती मिली है। राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 18 नए औषधि निरीक्षकों को उनकी पहली तैनाती दे दी गई है। विभागीय आयुक्त द्वारा जारी आदेश में इन निरीक्षकों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में नियुक्त किया गया है।
औषधि प्रशासन विभाग के अपर आयुक्त ताजबर सिंह ने बताया कि सभी नवनियुक्त औषधि निरीक्षकों को तत्काल अपनी तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। यह नियुक्तियाँ राज्य की दवा निर्माण एवं विक्रय प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होंगी।
इन जनपदों में मिली तैनाती
ऊधमसिंह नगर – निधि शर्मा, शुभम कोटनाला
देहरादून – विनोद जगूड़ी, निधि रतूड़ी
चमोली – हार्दिक भट्ट
नैनीताल – अर्चना उप्पल
पौड़ी – सीमा बिष्ट चौहान
हरिद्वार – मेघा, हरीश सिंह
रुद्रप्रयाग – अमित कुमार आज़ाद
टिहरी – ऋषभ धामा
पिथौरागढ़ – पंकज पंत
बागेश्वर – पूजा रानी
अल्मोड़ा – पूजा जोशी
चंपावत – हर्षिता
उत्तरकाशी – मौ. ताजिम
एफडीए मुख्यालय – गौरी कुकरेती, निशा रावत
दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि
नवनियुक्त औषधि निरीक्षक दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि में रहेंगे, जिसके दौरान उनकी कार्यक्षमता और दक्षता का मूल्यांकन किया जाएगा। इस कदम से विभागीय कार्यों में गति आएगी और राज्य में औषधियों की गुणवत्ता नियंत्रण को और सख्त बनाया जाएगा।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दी बधाई
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी नवनियुक्त औषधि निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि “इन नियुक्तियों से औषधि प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा, जिससे दवा निर्माण एवं विक्रय प्रणाली को पारदर्शी और जनहितकारी बनाए रखने में मदद मिलेगी।”
नवीन तैनातियों से उत्तराखंड में औषधि प्रशासन को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।

Recent Comments