कारगी में डंप कूड़ा जल्द नहीं हटा तो करेंगे आंदोलन : धस्माना

देहरादून(आरएनएस)।  नगर निगम की कारगी स्थित डंपिंग साइट पर भारी मात्रा में कूड़ा डंप हो रहा है। यहां आसपास रहने वाले लोगों को कूड़े की दुर्गंध उठने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। निगम ने जल्द समस्या का समाधान नहीं करवाया तो आंदोलन करेंगे। यह बात उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने शुक्रवार को मेयर सौरभ थपलियाल से मुलाकात के दौरान कही। कारगी डंपिंग साइट से कूड़ा शीशमबाड़ा प्लांट तक भेजने का काम निगम ने सनलाइट कंपनी को सौंपा है। यहां प्रतिदिन चार सौ मीट्रिक टन के आसपास कूड़ा लाया जा रहा है। लेकिन पर्याप्त डंपरों की व्यवस्था नहीं होने के कारण भारी मात्रा में कूड़ा साइट पर ही डंप पड़ा है। हजारों मीट्रिक टन कूड़े का ढेर लगने से आसपास के आबादी क्षेत्र में लोगों का घरों में रहन पाना मुश्किल हो रहा है। वहीं सड़क तक कूड़े का ढेर लगने से ट्रैफिक जाम की समस्या हो रही है। दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। सूर्यकांत धस्माना ने इसी समस्या को लेकर मेयर सौरभ थपलियाल से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो ट्रांसफर स्टेशन को कहीं और शिफ्ट करना होगा। धस्माना ने कहा कि गंदगी के कारण यहां आसपास संक्रामक रोग फैलने का भी खतरा बना हुआ है। ऐसे में समय रहते व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। मेयर ने कहा कि वह शनिवार को अधिकारियों के साथ मौका मुआयना करने के लिए आएंगे। इस दौरान मैकेनाइज्ड कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण कार्य का भी जायजा लेंगे। इस दौरान पार्षद अभिषेक तिवारी, जाहिद अंसारी, संगीता गुप्ता आदि मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments