बोल्ड डीएम का बड़ा धमाका! देहरादून में करोड़ों की जन संरचनाओं का एक साथ निर्माण शुरू

देहरादून, 9 अप्रैल 2025(एजेंसिया ) अपनी बोल्ड कार्यशैली के लिए जाने जाने वाले जिलाधिकारी सविन बंसल ने राजधानी देहरादून में एक साथ कई करोड़ रुपये की जन संरचनाओं के निर्माण कार्य शुरू करवाकर हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से कुठाल गेट, साईं मंदिर और दिलाराम चौक का अभूतपूर्व निर्माण और पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण के साथ अभिनव साइड रोड का निर्माण पहली बार एक साथ किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को उच्च स्तर के आधुनिकीकरण की ओर ले जाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मानसून से पहले हर हाल में तीनों काम पूरे होने चाहिए। उन्होंने ठेकेदारों और अधिकारियों को मैनपावर, मैटेरियल और मशीनरी को दोगुना करने का आदेश दिया है।
यह पहली बार है जब शहर में ट्रैफिक की सुगमता, जन सुरक्षा और पारंपरिक लोक संस्कृति का दर्शन एक साथ देखने को मिलेगा। जिलाधिकारी ने कार्यों की गति तेज करने के लिए दिन-रात की शिफ्ट में काम करने की अनुमति जारी कर दी है और स्मार्ट सिटी के एसीईओ को प्रतिदिन कार्यों की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।

अपनी तेजतर्रार कार्यशैली का परिचय देते हुए डीएम सविन बंसल ने बताया कि उन्होंने ज्वाइनिंग के दूसरे महीने में ही इन परियोजनाओं के डिजाइन, सर्वे और कॉन्सेप्ट तैयार कर लिए थे और लगातार धनराशि जुटाने में लगे हुए थे। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री का आशीर्वाद हो तो धन की कमी कैसे हो सकती है।
अपनी नवीन अवधारणा का परिचय देते हुए जिलाधिकारी ने दोनों चौराहों पर दो अतिरिक्त मोटोरेबल स्लिप रोड भी निकलवा दी हैं, जिससे यातायात और भी सुगम होगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के सख्त निर्देश दिए हैं।
आज सुबह 10 बजे से 1 बजे तक जिलाधिकारी स्वयं पूरे अमले के साथ सड़कों पर उतरे और ग्राउंड जीरो पर रहकर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट तरीके से स्मार्ट सिटी के बजट का प्रबंधन करते हुए इन परियोजनाओं के लिए धनराशि सुनिश्चित की है, जिसमें निर्माण के साथ-साथ योजना का रखरखाव भी शामिल है.

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य स्थलों पर धीमी प्रगति और कम मजदूरों को देखकर नाराजगी व्यक्त की और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को रात और दिन में औचक निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी आदेश दिए।
जिलाधिकारी की इस पहल के तहत जनपद के कुठालगेट, साईं मंदिर तिराहे और दिलाराम चौक पर पहली बार लोक संस्कृति की झलक के साथ पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इन निर्माण कार्यों से चौराहों को न केवल आकर्षक बनाया जाएगा बल्कि पर्यटकों को राज्य की लोक पारंपरिक कला, संस्कृति, राज्य आंदोलनकारियों और राज्य के सांस्कृतिक व पारंपरिक इतिहास से भी रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

जिलाधिकारी की इस अभिनव पहल से राजधानी देहरादून अपनी सुंदरता, पौराणिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के साथ एक नया रूप लेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी तीरथपाल सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह और स्मार्ट सिटी लि० के अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments