ऋषिकेश(आरएनएस)। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पार्किंग दरों में बढ़ोतरी को लेकर ऋषिकेश टैक्सी मैक्सी महासंघ का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन एयरपोर्ट अथॉरिटी से टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों की वार्ता हुई, लेकिन इसमें कोई निर्णय नहीं निकल पाया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के आगमन के चलते एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। मंगलवार को ऋषिकेश टैक्सी मैक्सी महासंघ के तत्वावधान में टैक्सी मैक्सी मालिक एवं चालकों ने एयरपोर्ट के बाहर दूसरे दिन भी नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पार्किंग शुल्क में अप्रत्याशित वृद्धि कर दी है। उन्होंने बताया कि कोच, बस, ट्रक के लिए 30 मिनट तक 170 रुपये, 31 से 120 मिनट तक 250 रुपये, वाणिज्य वाहन के लिए 30 मिनट तक 276, 31 से 120 मिनट तक 326 रुपये, टैम्पो, एसयूवी, मिनी बस के लिए तीन मिनट तक 60, 31 से 120 मिनट तक 80 रूपए, वाणिज्य कार के लिए 30 मिनट तक 20 रुपये, 31 से 120 मिनट तक 35 रुपये, प्राइवेट कार के लिए 30 मिनट तक 30 रुपये, 31 से 120 मिनट तक के लिए 40 रुपये कर दिया गया है, जो उचित नहीं है। इस दौरान एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रभाकर मिश्रा, एयरपोर्ट अथॉरिटी के कॉमर्शियल इंचार्ज योगेश चौधरी ने टैक्सी चालकों और मालिकों के प्रतिनिधिमंडल से बढ़े हुए पार्किंग शुल्क को लेकर वार्ता की। टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने शुल्क वृद्धि को वापस लेने की मांग की, लेकिन मंगलवार को बैठक के दौरान कोई हल नहीं निकल पाया। प्रदर्शन करने वालों में विजेंद्र कंडारी, उमेश चौहान, तनवीर सिंह, जयप्रकाश, मनजीत कोतवाल, जितेंद्र पेनुली, वीरेंद्र जोशी, गिरीश भाटिया, कपिल असीजा, युगल किशोर, कुमार गौरव, मनोज दंग, अर्पित राजपूत, अंकित राजपूत आदि शामिल रहे।

Recent Comments