बड़कोट में ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन

उत्तरकाशी(आरएनएस)।  हक-हकूकों के तहत ग्रामीणों को मिलने वाली फ्री ग्रांट लकड़ी तथा रियायती दर पर मिलने वाली देवदार की पीडी को लेकर वन विभाग द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने पर स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की है। ग्रामीणों ने मंगलवार को यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और 24 अप्रैल तक मांग पर सकारात्मक नहीं होने पर वन विभाग कार्यालय में तालाबंदी और प्रदर्शन की चेतावनी दी। अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट में बीते कुछ सालों से ग्रामीणों के हकहकूक तथा रियायती दर पर देवदार की पीडी नहीं मिलने पर क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने बीते माह खरादी में बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई थी। मंगलवार को बड़कोट बाजार से यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। यहां से ग्रामीण बड़कोट डीएफओ कार्यालय पहुंचे और मांगों को लेकर प्रदर्शन कर डीएफओ को ज्ञापन सौंपा। जिसमें ग्रामीणों ने मांग है कि क्षेत्र के ग्रामीणों के हकहकूकों को बहाल किया जाय और उन्हें फ्री ग्रांट और पीडी उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों को कहा कि फ्री ग्रांट और पीडी नहीं मिलने से ग्रामीणों को उनके आवासीय मकान बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 24 अप्रैल तक उनके हक हकूक बहाल नहीं किये जाते हैं, तो ग्रामीणों को मजबूरन वन विभाग कार्यालय में तालाबंदी और धरना-प्रदर्शन करने को विवश होना पड़ेगा। इस मौके पर रविन्द्र सिंह चौहान, अजबीन पंवार, जोगेंद्र सिंह चौहान, जयबीर सिंह जयाड़ा, दिनेश सिंह, जगमोहन राणा, राजेन्द्र सिंह, प्यार सिंह, सकल सिंह, मुकेश राणा, वीरेंद्र सिंह, रोहित, दीपक रावत, अनिल कुमार, प्रेम आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments