देहरादून(आरएनएस)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड(सीएयू) की ओर से आयोजित सीनियर मैंस इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग का फाइनल देहरादून ने जीता। नैनीताल के खिलाफ पहली इनिंग की लीड के आधार पर देहरादून को विजेता घोषित किया गया। देहरादून के आर्यन ने दोनों ही पारियों में शानदार बल्लेबाजी की। आयुष क्रिकेट एकेडमी में मंगलवार को फाइनल मैच का आखिरी दिन था। देहरादून ने पहली पारी में 10 विकेट के नुकसान पर 352 रन बनाए थे। इसमें आर्यन कपूर ने सर्वाधिक 88, शास्वत डंगवाल ने 64 और अखिल रावत ने 52 रनों की पारी खेली। वहीं, पहली पारी में नैनीताल ने 304 रन बनाए थे। देहरादून ने पहली ही पारी में लीड हासिल की। दूसरी पारी में देहरादून ने आर्यन कपूर के शानदार 122 रनों के दम पर 421 रन बनाए। अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया था। तीसरे दिन नैनीताल बल्लेबाजी करने उतरा, लेकिन दिन खत्म होने तक 08 रन ही बना सका। इस आधार पर मैच ड्रॉ हो गया। निर्णायकों ने पहली इनिंग की आधार पर देहरादून को विजेता करार दिया। जन्मेजय जोशी और सूरज सतवाल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच-पांच विकेट चटकाए। मुख्य अतिथि सीएमआई के संचालक आरके जैन, सीएयू के अध्यक्ष डा. गिरीश गोयल, संरक्षक पीसी वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

Recent Comments