देहरादून, 23 अप्रैल, 2025: प्रदेश में 4जी और 5जी नेटवर्क की उपलब्धता को सुगम बनाने के लिए मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में बीएसएनएल, एयरटेल और जियो नेटवर्क के राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को नेटवर्क विस्तार में आ रही चुनौतियों को दूर करने के लिए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव श्री बर्द्धन ने समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए राज्य स्तर और जनपद स्तर पर समितियों के गठन की घोषणा की। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) के निदेशक को सर्विस प्रोवाइडरों की समस्याओं के निवारण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि नोडल अधिकारी स्तर पर महीने में दो बार और सचिव आईटी स्तर पर महीने में एक बार प्रगति की समीक्षा की जाए, ताकि प्रदेश में 100 प्रतिशत 4जी नेटवर्क कवरेज का लक्ष्य हासिल किया जा सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने यूपीसीएल से भी एक नोडल अधिकारी नामित करने का आग्रह किया, जिससे सेवा प्रदाताओं को अपने कार्यों में आने वाली दिक्कतों के समाधान के लिए सक्षम स्तर के अधिकारी से संपर्क करने में आसानी हो।

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से बीएसएनएल को प्रदेश में 4जी नेटवर्क संतृप्ति के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नेटवर्क प्रदाताओं से चारधाम यात्रा मार्ग पर नेटवर्क कवरेज बढ़ाने का भी आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य में नेटवर्क की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
बैठक में सचिव आईटी नीतेश कुमार झा, निदेशक आईटीडीए श्रीमती नीतिका खंडेलवाल के साथ-साथ बीएसएनएल, एयरटेल और जियो के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Recent Comments