देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक सुनियोजित षडयंत्र के तहत जिला पंचायत सदस्यों को धमकाकर और फिर खुद को पीड़ित दिखाकर दुष्प्रचार कर रही है। चौहान ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष उम्मीदवार के पति लाखन सिंह नेगी द्वारा हिंसा और बवाल किया गया, जो लोकतंत्र के हरण का प्रयास है।
आरोपों की जानकारी
लाखन सिंह नेगी पर हत्या से लेकर गैंगस्टर तक दर्जनों गंभीर धाराओं में मुकद्दमे दर्ज हुए हैं। उनका खुलेआम भाजपा उम्मीदवार और नेताओं को धमकाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चौहान ने कहा कि नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर मतदान के दौरान कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में अंजाम दिया गया अपराधिक घटनाक्रम बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस पर निशाना
चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा राजनीति का अपराधीकरण करने की दोषी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जिसको उम्मीदवार बनाया, उनके पति का अतीत दबंगई, गुंडागर्दी और आपराधिक प्रवृत्ति से भरा हुआ है। उन पर आज भी दर्जन भर गंभीर प्रकरण लंबित हैं। चौहान ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस ने संरक्षण दिया और उनकी पत्नी को जिले के सर्वोच्च पंचायत पद का प्रत्याशी बना दिया।
भाजपा सरकार का स्टैंड
चौहान ने स्पष्ट किया कि जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करने वाली भाजपा सरकार में पुलिस प्रशासन या चुनाव आयोग किसी भी दबाव में नहीं आने वाला है। पूरी संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत प्रदेश की तरह नैनीताल में भी पंचायत अध्यक्ष चुनाव संपन्न कराए जाएंगे.

Recent Comments