टीएचडीसीआईएल ने ऊर्जा सुरक्षा के संकल्प के साथ मनाया 79वाँ स्वतंत्रता दिवस

ऋषिकेश ।  विद्युत क्षेत्र की अग्रणी सार्वजनिक उपक्रम टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने अत्यंत उत्साह एवं राष्ट्रीय गौरव के साथ अपने कॉरपोरेट कार्यालय ऋषिकेश सहित सभी परियोजना स्थलों एवं इकाई कार्यालयों में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। यह आयोजन संगठन की राष्ट्र की प्रगति, एकता और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

टीएचडीसीआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आर. के. विश्नोई ने कॉरपोरेट कार्यालय, ऋषिकेश में निदेशक (कार्मिक) शैलेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

सभा को संबोधित करते हुए विश्नोई ने बताया कि संगठन ने हाल ही में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित की हैं, जिनमें 1320 मेगावाट खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की प्रथम इकाई तथा 1000 मेगावाट टिहरी पम्प स्टोरेज प्लांट की दो इकाइयों का सफल प्रचालन शामिल है। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियाँ टीएचडीसीआईएल की विकास यात्रा में ऐतिहासिक पड़ाव हैं, जो राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा में इसकी भूमिका को और सुदृढ़ करती हैं। निगम आगामी समय में खुर्जा एसटीपीपी (2×660 मेगावाट) तथा टिहरी पीएसपी (4×250 मेगावाट) की शेष इकाइयाँ पूर्ण कर और भी ऊँचाइयों को छूने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक) शैलेंद्र सिंह ने सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को शुभकामनाएँ दीं और एकजुटता, ईमानदारी एवं नवाचार की भावना से कार्य करते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

निदेशक (वित्त) सिपन कुमार गर्ग ने टिहरी परियोजना में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन हुआ, जो टीएचडीसीआईएल के इस संकल्प को दर्शाता है कि संगठन हर प्रयास में उत्कृष्टता प्रदान करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के दृष्टिकोण को साकार करने में निरंतर योगदान देता रहेगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments