
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के लिए एक बड़ा बदलाव आया है। यहाँ के तहसील पिथौरागढ़ में स्थित ‘खूनी’ गाँव का नाम बदलकर अब आधिकारिक तौर पर ‘देवीग्राम’ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विशेष पहल पर भारत सरकार ने इस नाम परिवर्तन को मंजूरी दी, जिसके बाद उत्तराखंड शासन के राजस्व विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि लंबे समय से गाँव के लोग अपने गाँव का नाम बदलना चाहते थे। उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया और इसे भारत सरकार से अनुमोदित कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम जनभावनाओं के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को दर्शाता है।
इस कदम से अब ‘खूनी’ नाम से जुड़ी नकारात्मकता समाप्त होगी और गाँव को एक नया, सकारात्मक पहचान मिलेगी। ‘देवीग्राम’ नाम न केवल स्थानीय लोगों की आस्था को दर्शाता है, बल्कि इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रतिबिंबित करता है।

Recent Comments