कुंभ से पूर्व जलभराव से निजात हेतु हरिद्वार प्रशासन सक्रिय

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में ड्रेनेज मास्टर प्लान पर उच्चस्तरीय बैठक

हरिद्वार, 19 अगस्त (संवाददाता)।हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला 2025 की तैयारियों को गति देते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में ड्रेनेज मास्टर प्लान के संबंध में एक अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से जलभराव की समस्या से निपटने, पेयजल आपूर्ति की सुचारु व्यवस्था, जल संरक्षण उपाय और मार्गों के रख-रखाव से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।

डीएम ने दिए स्पष्ट निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भगत सिंह चौक और चंद्राचार्य चौक पर जलभराव की समस्या स्थायी रूप से समाप्त की जाए। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को तत्काल भेजी जाए ताकि कार्य समय पर शुरू होकर कुंभ से पहले ही पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए भेल (BHEL) क्षेत्र के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चौक तक आने वाले पानी को रास्ते में ही तालाबों के माध्यम से संरक्षित किया जाए। बड़े तालाब के लिए भूमि चयनित करने की जिम्मेदारी भेल अधिकारियों को दी गई, जबकि तालाब निर्माण एवं मिट्टी की खुदाई की जिम्मेदारी नगर आयुक्त को दी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खुदाई से निकली मिट्टी तालाब की साइड में ही लगाई जाए, जिससे तालाब को मजबूती मिले और स्थायित्व बना रहे।

भेल क्षेत्र में सफाई और अतिक्रमण पर सख्ती

जिलाधिकारी ने भेल क्षेत्र में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जहां-जहां अवैध अतिक्रमण है, उसे तत्काल हटाने पर भी बल दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पैदल मार्ग मरम्मत व डीपीआर पर विशेष ध्यान

बैठक में चंडी देवी पैदल मार्ग के लिए डीपीआर उपलब्ध कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) को दिए गए। इसी तरह मनसा देवी मंदिर पैदल मार्ग की मरम्मत और ट्रीटमेंट संबंधी कार्यों में तेजी लाने के लिए राजाजी नेशनल पार्क अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

विभागीय अधिकारियों ने दी प्रस्तुतियाँ

  • अधिशासी अभियंता सिंचाई, ओमजी गुप्ता ने जल निकासी से संबंधित डीपीआर की विस्तृत जानकारी दी।
  • अधिशासी अभियंता पेयजल निगम, आर.के. गुप्ता ने कुंभ और कांवड़ मेला क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था से जुड़ी योजना प्रस्तुत की।
  • प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा), मीनाक्षी मित्तल और टीम ने भी आगामी कार्ययोजनाओं पर रिपोर्ट प्रस्तुत की।

बैठक में मौजूद रहे अधिकारी

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम आर.के. गुप्ता, नगर प्रशासक भेल संजय पंवार, अधिशासी अभियंता हरीश बंसल, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कुंभ मेला जैसे वैश्विक आयोजन में जरा-सी लापरवाही पूरी छवि पर असर डाल सकती है। इसलिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी समय पर पूरी करे और सुनिश्चित करे कि श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments