देहरादून(आरएनएस)। अंबाला में उत्तराखंड के युवक साहिल बिष्ट की हत्या की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से फोन पर बात की। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं कठोरतम दंड सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया । हरियाणा के मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार इस पूरे मामले में हर संभव कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ है तथा परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। दूसरी तरफ,उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने भी चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी से मुलाकात की। सेमवाल ने मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी देते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी, कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने का अनुरोध भी किया। मालूम हो कि अंबाला के शहजादपुर क्षेत्र में साहिल बिष्ट पर रात के समय बाइक सवार बदमाशों ने हमला किया था। अस्पताल में उपचार के दौरान साहिल की मौत हो गई।

Recent Comments