वोट चोरी को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी : नवप्रभात

विकासनगर(आरएनएस)।  कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत रविवार को हरबर्टपुर के एक निजी वेडिंग प्वाइंट में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं का मन टटोलने के साथ ही दावेदारों के आवेदन लिए गए। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने की सलाह दी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि भाजपा की वोट चोरी को कांग्रेस किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा के इस लोकतंत्र विरोधी कृत्य को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी का अहम सिर चढ़कर बोल रहा है। लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर सत्ता में पहुंचने पर भाजपा नेता लोकतंत्र और संविधान की हत्या करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए भाजपा कभी भी चुनाव नहीं जीत सकती है। कहा कि जहां साम, दंड, भेद की नीति अपनाने के बावजूद भाजपा चुनाव नहीं जीत पाती है, वहां दाम की नीति अपनाई जाती है। खरीद फरोख्त कर सरकार बनाना भाजपा का शगल बन गया है। भाजपा ने लोकतंत्र को व्यापार का साधन बना दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी हालत में सत्ता प्राप्त करना चाहती है, जबकि कांग्रेस में हर कोई देश के लिए काम करना चाहता है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव बीएन संदीप ने कहा कि कार्यकर्ताओं का फर्ज है कि वह इस समय ऐसे लोगों को आगे लाने का काम करें जो धरातल पर कांग्रेस का पार्टी का कार्य करते हों। जिन लोगों ने कांग्रेस को हराने का काम किया है ऐसे लोग कभी कांग्रेस में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। कहा आने वाला समय कांग्रेस का है। उन्होंने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोकतंत्र है और इसे जिंदा रखने के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता संविधान के मुताबिक चल रहा है। कार्यक्रम का संचालन हरबर्टपुर शहर अध्यक्ष आशीष पुंडीर ने किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, विरेंद्र पोखरियाल, नवीन जोशी, मानवेंद्र सिंह जोशी, गोपी नौटियाल, सलमान, विनय जायसवाल, भाष्कर चुग आदि मौजूद रहे। दो पूर्व जिलाध्यक्ष समेत इन्होंने की दावेदारी जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी करने वालों में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू, यामीन अंसारी, विपुल जैन, विकास शर्मा, संजय जैन, राकेश नेगी, संग्राम सिंह पुंडीर, अमित पंवार, सरदार बलजीत सिंह, सोहेल पाशा और पूर्व प्रधान इमरान खान ने दावेदारी की।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments