भूस्खलन से हरिद्वार-देहरादून मार्ग ठप, ट्रेनों की आवाजाही बंद

हरिद्वार। हरिद्वार के भीमगोड़ा काली मंदिर टनल के पास सोमवार सुबह अचानक हुए भूस्खलन से रेलवे ट्रैक और मंदिर परिसर में भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून और ऋषिकेश को जोड़ने वाली ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

रेलवे की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। तब तक देहरादून और ऋषिकेश की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर रोक दी गई हैं। यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा सूचना दी जा रही है।

यह क्षेत्र पहले भी भूस्खलन से प्रभावित हो चुका है। बीते 5 अगस्त को भी भारी मलबा गिरने से दो बाइक सवार बाल-बाल बचे थे और ट्रेनों की आवाजाही कई घंटे बाधित रही थी।

स्थानीय प्रशासन तथा रेलवे अधिकारी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। मलबा हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन ट्रेन सेवाएं कब तक पूरी तरह बहाल होंगी, इस पर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments