लखनऊ 10 सितंबर (आरएनएस )। देश में धार्मिक पर्यटन ट्रैवल और टूरिज्म उद्योग का एक तेजी से बढ़ता हुआ क्षेत्र बन गया है। मेकमाईट्रिप की ‘पिलग्रिमेज ट्रैवल ट्रेंड्स 2024-25Ó रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में 56 प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों पर होटल और स्टे बुकिंग में 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इनमें से 34 स्थलों ने दो अंकों में और 15 स्थलों ने 25 प्रतिशत से अधिक का उछाल देखा। प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, पुरी, अमृतसर और तिरुपति जैसे प्रमुख स्थल तो लोकप्रिय हैं ही, खाटूश्यामजी, ओंकारेश्वर और तिरुचेंदूर जैसे उभरते स्थलों की ओर भी यात्रियों का रुझान बढ़ा है। बेहतर कनेक्टिविटी और हर आयु वर्ग की भागीदारी ने धार्मिक यात्राओं को यात्रा मांग का प्रमुख आधार बना दिया है।रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि 63 प्रतिशत से अधिक बुकिंग यात्रा शुरू होने से छह दिन पहले तक हो जाती है। यात्रियों में छोटे और उद्देश्यपूर्ण ठहराव की प्रवृत्ति भी साफ दिखती है। आधे से अधिक यात्री केवल एक रात ठहरते हैं, जबकि दो रात ठहरने वालों की संख्या 31 प्रतिशत और तीन रात ठहरने वालों की संख्या 11 प्रतिशत है। लंबी अवधि के ठहराव बहुत कम हैं। साथ ही 47 प्रतिशत यात्राएं परिवार या दोस्तों के समूह में की जाती हैं, जिससे यह अनुभव साझा और सामूहिक बनता है।आवास की उपलब्धता में भी तेजी आई है। जबकि अधिकांश बुकिंग 4,500 रुपये प्रति रात से कम वाले कमरों की है, फिर भी 7,000 रुपये से अधिक मूल्य वाले कमरों की बुकिंग में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। 7,000-10,000 रुपये की श्रेणी में 24 प्रतिशत और 10,000 रुपये से ऊपर वाले कमरों में 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। होमस्टे, अपार्टमेंट और हॉस्टल जैसे वैकल्पिक आवास कुल बुकिंग का करीब 10 प्रतिशत हिस्सा बन गए हैं। पिछले तीन वर्षों में एक-तिहाई से अधिक होटल कमरे खुले हैं, जबकि होमस्टे और अपार्टमेंट में और भी तेजी से विस्तार हुआ है। उपलब्ध प्रीमियम कमरों का 63 प्रतिशत हिस्सा इसी अवधि में शुरू हुआ है, जो व्यवसायियों के बढ़ती मांग पर ध्यान देने का संकेत है।मेकमाईट्रिप के को-फाउंडर और ग्रुप सीईओ राजेश मागो ने कहा कि धार्मिक यात्रा हमेशा से हमारी संस्कृति का हिस्सा रही है, लेकिन आज इसका विस्तार और लगातार बढ़ती मांग इसे यात्रा उद्योग के लिए नए अवसरों का क्षेत्र बना रही है। बेहतर कनेक्टिविटी और विविध आयु वर्ग की भागीदारी यात्रियों की अपेक्षाओं को व्यापक बना रही है और उद्योग को नई जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित कर रही है।

Recent Comments