देहरादून। उत्तराखंड कृषि उत्पादन मंडी बोर्ड ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए व्यापक सहयोग अभियान चलाने का निर्णय लिया है। मंडी बोर्ड के अध्यक्ष अनिल डब्बू ने बताया कि मंडी परिषद के सभी कर्मचारी एक दिन का वेतन आपदा कोष में देंगे। इसके अलावा मंडियों से जुड़े व्यापारियों के सहयोग से प्रभावित क्षेत्रों में राशन वितरित किया जाएगा।
16 सितंबर को प्रदेशभर की सभी मंडियों में चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा 17 सितंबर से मंडियों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें अधिकारी, कर्मचारी, व्यापारी और किसान बड़ी संख्या में भागीदारी करेंगे।उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। इस संकट की घड़ी में मंडी बोर्ड 16 सितंबर को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपेगा।
डब्बू ने मंडी से जुड़े सभी वर्गों से आपदा पीड़ितों के लिए अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा राहत हेतु 1200 करोड़ रुपये देने के निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि आपदा पीड़ितों का दुख बांटना ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर सच्ची शुभकामनाएं होंगी।

Recent Comments