देहरादून: प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर पहाड़ी जनपदों में बंद पड़े हजारों संपर्क मार्गों, राज्य राजमार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों को तत्काल खोलने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
धस्माना ने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले दो महीनों से आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में ध्वस्त हुए मार्गों के कारण ग्रामीण जनता तहसील और जिला मुख्यालयों से कटी हुई है। इससे लोगों को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर समस्या गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों के सामने है, जो इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना कई लोग इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं।
धस्माना ने टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पौड़ी जिलों के कई ऐसे उदाहरण भी मुख्यमंत्री के सामने रखे, जहाँ बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को इलाज में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने मांग की कि बंद मार्गों को खोलने की जिम्मेदारी जिलाधिकारियों को दी जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने आश्वासन दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से आपदा राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ध्वस्त और बंद पड़े मार्गों को युद्ध स्तर पर कार्य करके खोलने के निर्देश दिए गए हैं।

Recent Comments