पिछली बार की चैंपियन मसूरी थंडर्स को पिथौरागढ़ हरिकेंस ने 7 विकेट से हराया
देहरादून। पिथौरागढ़ हरिकेंस ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर मंगलवार को महिला उत्तराखंड प्रीमियर लीग के सीज़न ओपनर में पिछले सीजन की चैंपियन मसूरी थंडर्स को 7 विकेट से पराजित किया।
पूर्व थंडर्स कप्तान मानसी जोशी इस सीज़न हरिकेंस की ओर से खेलते हुए नज़र आईं और टूर्नामेंट की शुरुआत विकेट मेडन ओवर फेंक कर की। उन्होंने 2 ओवर में 1/3 का शानदार स्पेल डाला, जबकि ईशा गुलरिया और रुद्रा शर्मा ने पहली पारी में 2-2 विकेट झटके।
नई कप्तान अमीषा बहुखंडी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन यह उनके दल के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित नहीं हुआ। पावरप्ले के दौरान संघर्ष करते हुए मसूरी की टीम ने छह ओवरों के बाद सिर्फ 25/2 का स्कोर दर्ज किया।


रीना जिंदल ने पारी को संभालने की कोशिश की और 37 गेंदों पर 24 रन बनाए, लेकिन 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर वैशाली तुलेरा ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। अंततः थंडर्स की टीम 91 रन पर ऑलआउट हो गई और हरिकेंस को आसान लक्ष्य सौंपा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मनीषा कुंवर (17 रन, 21 गेंदों पर) ने दो चौके और एक छक्का लगाकर तेज शुरुआत दिलाई।
उनके आउट होने के बाद, अमीषा बहुखंडी ने विकेट लिया, मगर अनन्या मेहरा (35 रन, 39 गेंदों पर) और नंदिनी कौशिक ने 55 गेंदों पर 53 रन की साझेदारी कर टीम को जीत की ओर आगे बढ़ाया। अंततः कौशिक की नाबाद 31 (34 गेंदों) की पारी ने हरिकेंस को 17 ओवरों के भीतर लक्ष्य तक पहुँचा दिया।
अनन्या मेहरा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 3.5 ओवरों में 14 रन देकर 1 विकेट लिया और बैटिंग में भी अहम योगदान दिया। यूपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन श्री सुनील कुमार जोशी ने उन्हें ट्रॉफी और ₹10,000 का चेक प्रदान किया।
शाम के मुकाबले में नीलम भारद्वाज की कप्तानी वाली टिहरी क्वीन्स का सामना श्वेता वर्मा की हरिद्वार स्टॉर्म से होगा।


Recent Comments