देहरादून में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश, आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार

देहरादून। सोशल मीडिया पर मुस्लिम संप्रदाय के नबी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने के मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए टिप्पणी करने वाले युवक को तत्काल हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट किया गया, जिसका स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया। चौकी प्रभारी बाजार, थाना पटेलनगर, प्रमोद शाह ने तत्परता दिखाते हुए फौरन अभियोग दर्ज कराया।

पुलिस ने आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को तत्काल पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और विवादित कमेंट को सोशल मीडिया से हटवा दिया। एसएसपी देहरादून ने सख्त लहजे में कहा है कि “सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने वाले व अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों को किसी भी दिशा में बख्शा नहीं जाएगा, सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

खबर फैलने के बाद, समुदाय विशेष के लोग पटेलनगर क्षेत्र में एकत्रित होने लगे थे। हालांकि, शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग की गई है और समुचित पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।

हिरासत में लिया गया अभियुक्त:
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान गुलशन पुत्र वीर सिंह (उम्र- 19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ब्रह्मपुरी, थाना पटेलनगर, देहरादून का निवासी है और मूल रूप से ग्राम सरोना, थाना बिलग्राम, जिला हरदोई का रहने वाला है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले और अनावश्यक अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments