देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति की रोकथाम हेतु माननीय मुख्यमंत्री जी के उत्तराखंड के ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के अंतर्गत एसटीएफ ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए अन्तर्राज्यीय तस्करों को भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की कुमायूँ युनिट द्वारा कल थाना पुलभट्टा पुलिस के साथ मिलकर 02 नशा तस्करों चमन प्रकाश व महावीर को पुलभट्टा थाना क्षेत्र से 7 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में चमन प्रकाश पुत्र पूरन लाल, निवासी गेलाडांडा, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली, उ0प्र0 और महावीर पुत्र रामचन्द्र, निवासी सल्लन नगर, थाना बिनावर, जनपद बदांयू, उ0प्र0 शामिल हैं। ये दोनों उत्तर प्रदेश के बरेली व बदायूँ जनपदों के रहने वाले हैं और लम्बे समय से नशे के कारोबार में लिप्त हैं।
पकड़े गये अभियुक्तगण अन्तर्राज्यीय तस्कर हैं जो कि उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में अफीम की सप्लाई करते हैं। ताकि यहाँ उसे भारी मुनाफे पर बेच सकें। अभियुक्तो ने एसटीएफ को पूछताछ में बताया कि वह उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में अफीम की सप्लाई करते हैं।
पकड़े गये अभियुक्त चमन प्रकाश के ऊपर उ0प्र0 के विभिन्न थानों में हत्या, लूट व एनडीपीएस एक्ट के कुल 07 मुकदमें तथा महावीर के खिलाफ उ0प्र0 में एनडीपीएस एक्ट के 02 मुकदमें पंजीकृत हैं। दोनों अभियुक्त इसी माह जिला कारागार बरेली से जमानत में रिहा होकर आये हैं।
एसटीएफ द्वारा जाल बिछाकर दोनों अभियुक्तों को धर-दबोचा गया है। दोनों से टीम द्वारा विस्तृत पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं पता लगाया जा रहा है। एसटीएफ द्वारा पूछताछ में अन्य कई ड्रग्स पैडलरों के नाम की जानकारी हुई है, जिन पर कार्यवाही की जायेगी।
एसटीएफ द्वारा 07.042 किग्रा अफीम और वाहन मोटरसाइकिल संख्या- UP25DH 8395 बरामद किया गया है।

Recent Comments