देहरादून। सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय के नबी को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने पटेलनगर क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न कर दी। पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया और उसके विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
चौकी प्रभारी बाजार थाना पटेलनगर प्रमोद शाह द्वारा दर्ज कराए गए मु0अ0सं0: 523/25 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1), 299, 302 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। आरोपी से पूछताछ की गई और विवादित टिप्पणी को सोशल मीडिया से हटवाया गया।
इस घटना के विरोध में समुदाय विशेष के लोग पटेलनगर क्षेत्र में एकत्रित होकर मुख्य मार्ग को अवरुद्ध करते हुए धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास करने लगे। भीड़ द्वारा धार्मिक टिप्पणियां कर माहौल को भड़काने की कोशिश की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर भीड़ को तितर-बितर किया और शांति व्यवस्था बहाल की।
घटना के संबंध में चौकी प्रभारी आईएसबीटी उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में दूसरा मुकदमा मु0अ0सं0: 524/25 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 121(2), 126(2), 190, 191(2), 196, 302 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पटेलनगर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान आमजन को शांति बनाए रखने की अपील की गई और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Recent Comments