सीएम धामी ने किया उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2025 का समापन, विजेता टीम को दी बधाई

खेलों की राह पर दौड़ता उत्तराखंड — सीएम धामी बोले, ‘अनुशासन और टीमवर्क ही जीत का मंत्र’

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2025 का शानदार समापन राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम रायपुर में हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समापन समारोह में चैंपियन टीम हरिद्वार एलमास को जीत की बधाई देते हुए खिलाड़ियों से कहा कि खेल सिर्फ जीतने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीमवर्क और संघर्ष का भाव जगाने का माध्यम हैं।

धामी ने कहा कि जो खिलाड़ी इस बार जीत से कुछ कदम दूर रह गए हैं, वे निराश न हों, क्योंकि हार-जीत किसी भी प्रतियोगिता का हिस्सा है, पर असली पहचान निरंतर मेहनत और खेल भावना से बनती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की सराहना करते हुए कहा कि इन अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में खेलों को नई दिशा देने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। राज्य में जल्द ही ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ शुरू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इसमें हर साल 920 एथलीट उच्च स्तरीय प्रशिक्षण पाएंगे। इसके साथ ही हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा।

धामी ने बताया कि उत्तराखंड में खेलों के समग्र विकास के लिए नई ‘खेल नीति’ लागू की गई है, जिसके तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। साथ ही, खेल कोटे को बढ़ाकर 4 प्रतिशत किया गया है। सरकार ‘उत्तराखंड खेल रत्न’ और ‘हिमालय खेल रत्न’ पुरस्कारों के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मानित कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता ने उत्तराखंड को “खेलभूमि” के रूप में स्थापित किया है। इन खेलों में राज्य ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचा। सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यह भी विचार का विषय है कि उत्तराखंड की प्रतिभाएं अपने राज्य की टीमों से क्यों नहीं खेलतीं। क्रिकेट एसोसिएशन से उन्होंने आह्वान किया कि ऐसी मजबूत व्यवस्था बनाई जाए जिससे प्रदेश की टीम देश की शीर्ष टीमों में शुमार हो।

महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिला टीमों ने न केवल बेहतर खेल दिखाया बल्कि बीसीसीआई की अंडर-19 चैम्पियनशिप में दो बार खिताब जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। राज्य की तीन बालिकाएं—राघवी बिष्ट, प्रेमा रावत और नंदनी कश्यप—न्यूजीलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

धामी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा, “सफलता का एक ही मूल मंत्र है—विकल्प रहित संकल्प। जिस लक्ष्य को तय करें, उसे पाने में पूरी ताकत झोंक दें और हर क्षेत्र में लीडर बनने की भावना रखें।”

समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक उमेश शर्मा, लोकसभा सांसद जगदम्बिका पाल, उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments