देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित खेल विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और प्रमुख परियोजनाओं में कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना सरकार का संकल्प है और इसके लिए सभी स्तरों पर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में बनने वाले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की कार्यवाही में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण एवं सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उत्तराखंड खेल क्षेत्र में एक नई पहचान बनाएगा।
खेल अवसंरचना का रखरखाव और प्रतियोगिताएं
धामी ने निर्देश दिए कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान तैयार की गई खेल परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परिसंपत्तियों का अधिकतम उपयोग राज्यभर में नियमित खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से किया जाए, ताकि खेल गतिविधियां निरंतर गति से संचालित रहें।
मुख्यमंत्री ने न्याय पंचायत स्तर से लेकर विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं के भव्य आयोजन पर भी बल दिया। उन्होंने युवाओं में भागीदारी बढ़ाने के लिए व्यापक प्रयास करने और अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
39वें राष्ट्रीय खेल और संसाधन
धामी ने 39वें राष्ट्रीय खेलों के मद्देनजर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने समयबद्ध तरीके से पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा के लाभ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। खेल विभाग को निजी क्षेत्र और कॉरपोरेट जगत की भागीदारी से खेल अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए, ताकि सुविधाओं का विस्तार जन-जन तक हो सके।
प्रशिक्षक नियुक्ति और अकादमी स्थापना
मुख्यमंत्री ने अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति और विभिन्न खेल अकादमियों की स्थापना के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से न केवल खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर होगा, बल्कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा भी मिलेगी।
बैठक में उपस्थित
बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगोली, निदेशक खेल आशीष चौहान सहित खेल विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments