देहरादून में दिसंबर में होगा पीआरएसआई का 47वां राष्ट्रीय सम्मेलन, तैयारियां तेज 

देहरादून: पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) देहरादून चैप्टर इस वर्ष दिसंबर में 47वां अखिल भारतीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। चैप्टर की कार्यकारी संस्था ने बैठक में आधिकारिक कार्यक्रम ब्रोशर के विमोचन के प्रस्ताव को मंजूरी दी। सम्मेलन की मेजबानी की जिम्मेदारी देहरादून चैप्टर को रायपुर में हुए पिछले राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान सौंपी गई थी। 

राजपुर रोड स्थित हुडको कार्यालय में आयोजित बैठक में चैप्टर अध्यक्ष रवि बिजारनिया ने बताया कि 13 से 15 दिसंबर तक होने वाला तीन दिवसीय आयोजन संचार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर केंद्रित होगा। उन्होंने बताया कि इस बार सम्मेलन का विषय *‘सशक्त विकास, जड़ों का संरक्षण – 2047 के लिए पीआर विजन’* रखा गया है, जिसके तहत इंटरैक्टिव और सहभागी सत्रों के माध्यम से जनसंपर्क के बदलते महत्व पर विचार होगा। 

सम्मेलन के लिए सहस्त्रधारा रोड स्थित स्थल को अंतिम रूप दिया गया है। इसे पहुंच-सुविधा, प्राकृतिक वातावरण और 400 से अधिक प्रतिभागियों को समायोजित करने की क्षमता के कारण चुना गया है। इसमें प्रदर्शनियों, नेटवर्किंग और प्रतिनिधियों के बीच संवाद के लिए अलग-अलग क्षेत्र होंगे। प्रतिभागियों में संचार विशेषज्ञ, कॉर्पोरेट प्रमुख, शिक्षाविद, गणमान्य व्यक्ति और देशभर के 25 चैप्टरों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। 

चैप्टर सचिव अनिल सती ने बताया कि 1992 में स्थापना के बाद दूसरी बार देहरादून चैप्टर को यह अवसर मिल रहा है। 2018 के बाद अब 2025 में एक बार फिर यह प्रतिष्ठित आयोजन यहां होगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सामूहिक भावना और प्रतिबद्धता के साथ काम कर आयोजन को यादगार बनाने की अपील की। 

बैठक के अंत में पीआरएसआई देहरादून चैप्टर ने संकल्प लिया कि यह सम्मेलन उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष का हिस्सा बनकर भारत के संचार दृष्टिकोण को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगा। बैठक में हुडको के क्षेत्रीय प्रमुख संजय भार्गव, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट, संजय पांडे, रोहित नौटियाल, अमन नैथानी, नवीन कंडारी समेत कई सदस्य मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments