देहरादून। फिक्की फ्लो उत्तराखंड द्वारा आयोजित दो दिवसीय “फ्लो ट्रेड फेयर एवं आर्टिजन हाट” के नवें संस्करण का समापन उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूरी भूषण की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उत्साह, नवाचार और महिला सशक्तिकरण की ऊर्जा से सराबोर यह आयोजन उत्तराखंड की महिला उद्यमियों और देशभर के कारीगरों के लिए एक सफल मंच साबित हुआ, जहाँ परंपरा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शिक्षा के लिए प्रेरणा: 15 छात्रों को मिली साइकिल
मेले के दूसरे दिन की शुरुआत एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल से हुई। फिनोलेक्स इंडस्ट्रीज के सहयोग से मुकुल माधव फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में फिक्की फ्लो उत्तराखंड की अध्यक्षा डॉ. गीता खन्ना ने 15 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की।
डॉ. खन्ना ने इस पहल को बच्चों के भविष्य को दिशा देने वाला कदम बताया और कहा, “यदि हम उन्हें सही संसाधन उपलब्ध कराएँ, तो वे जीवन में किसी भी ऊँचाई को प्राप्त कर सकते हैं।” इस पहल का उद्देश्य छात्रों को शिक्षा के लिए सुगम परिवहन उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना था।
साड़ी ड्रेपिंग की कला पर खास वर्कशॉप
दोपहर के सत्र में प्रसिद्ध फैशन आर्टिस्ट रोहित बोस और उनकी माताजी लीना बोस के सौजन्य से एक आकर्षक साड़ी ड्रेपिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। “धोती मैन” के नाम से मशहूर इस जोड़ी ने प्रतिभागियों को भारतीय परिधानों की विविधता, साड़ी पहनने की पारंपरिक एवं आधुनिक विधियों और व्यक्तित्व प्रस्तुति में परिधान की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस सत्र ने भारतीय परंपरा की इस अमूल्य धरोहर को संरक्षित करने का संदेश दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने बढ़ाया महिला उद्यमियों का मनोबल
शाम के समापन सत्र में मुख्य अतिथि श्रीमती रितु खंडूरी भूषण ने मेले के सभी स्टॉल्स का भ्रमण किया और देशभर से आई महिला उद्यमियों तथा कारीगरों से संवाद कर उनके उत्पादों की सराहना की।
श्रीमती खंडूरी ने सभी महिला उद्यमियों को सम्मान पत्र वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, “यह मंच महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने हुनर को पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करता है। पूरे देश से आए कारीगरों का यहाँ जुटना, सांस्कृतिक विविधता और हस्तकला की समृद्ध परंपरा का जीवंत उदाहरण है।”
रीयूज़ और सस्टेनेबिलिटी” का संदेश
इस अवसर पर फिक्की फ्लो उत्तराखंड की अध्यक्षा डॉ. गीता खन्ना ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से फ्लो सदस्य वर्षा मांगलिक को धन्यवाद दिया, जिन्होंने पूरे परिसर की सजावट “वेस्ट मटेरियल” से तैयार कर “रीयूज़ और सस्टेनेबिलिटी” (पुनः उपयोग और स्थिरता) का सुंदर संदेश दिया।
डॉ. खन्ना ने कहा कि इन दो दिनों में महिला शक्ति, कला और संस्कृति का ऐसा उत्सव देखने को मिला, जो आने वाले वर्षों तक प्रेरणा देता रहेगा।
यह “फ्लो ट्रेड फेयर एवं आर्टिजन हाट” वास्तव में महिला उद्यमिता, कला, संस्कृति और समाजसेवा का एक प्रेरक संगम रहा, जिसने यह सिद्ध किया कि अवसर मिलने पर महिलाएँ न केवल स्वयं आगे बढ़ती हैं, बल्कि पूरे समाज को नई दिशा देने में सक्षम होती हैं।

Recent Comments