देहरादून। महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती लापरवाही के बीच राज्य की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मातृशक्ति को सबसे पहले अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए, क्योंकि एक स्वस्थ महिला ही परिवार और समाज को मजबूती देती है।
रेखा आर्या गुरुवार को दून मेडिकल कॉलेज सभागार में अमर उजाला की ओर से आयोजित ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं। इस अवसर पर ब्रेस्ट कैंसर विषय पर आयोजित पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
मंत्री ने कहा कि महिलाओं में रोगों के प्रति जागरूकता की कमी आज भी चिंता का विषय है। कई बार शुरुआती लक्षण नजरअंदाज करने से मामूली समस्या गंभीर रूप ले लेती है। उन्होंने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव के लिए समय पर जांच और जानकारी सबसे बड़ा हथियार है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे महिला स्वास्थ्य के प्रति समाज में जनजागरण फैलाने में आगे आएं। उन्होंने कहा कि जब युवा संवेदनशीलता के साथ इस मुहिम को आगे बढ़ाएंगे, तभी वास्तविक सामाजिक परिवर्तन संभव होगा।
कार्यक्रम में अमर उजाला के स्थानीय संपादक अनूप बाजपेई, महाप्रबंधक प्रवीण शर्मा, उत्तराखण्ड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना, डॉक्टर रेखा खन्ना, डॉक्टर गीता जैन, डॉक्टर मोनिका और डॉक्टर अर्चना डिमरी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Recent Comments