देहरादून। प्रदेशभर के सस्ते गल्ले के विक्रेताओं ने अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर आज राजधानी देहरादून में खाद्य आयुक्त कार्यालय के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन किया। सुबह से ही उत्तराखंड के कोने-कोने से पहुंचे राशन विक्रेताओं ने रिंग रोड स्थित आयुक्त कार्यालय का तीन घंटे से अधिक समय तक घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने की जानकारी मिलने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना भी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस पार्टी की ओर से आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
धरनास्थल पर उपस्थित विक्रेताओं को संबोधित करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि राज्य सरकार आज मेहनतकश वर्ग का हक मारने में लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं, क्योंकि वह राज्य के प्राकृतिक संसाधनों के खनन और घर-घर शराब व नशे को बढ़ावा देने में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि सस्ते गल्ले के विक्रेता सरकार और जनता के बीच सबसे अहम कड़ी हैं, और जब यह वर्ग आंदोलन के लिए सड़कों पर उतर आया है, तो यह सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण है।
श्री धस्माना ने कहा कि कोरोना काल में अपनी जान जोखिम में डालकर जनता तक राशन पहुंचाने वाले विक्रेताओं को आज तक उनका बकाया भुगतान नहीं मिला, राज्य खाद्य योजना का लाभांश नहीं बढ़ाया गया और मानदेय देने का निर्णय भी अधर में लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि खाद्य मंत्री की घोषणाओं का क्रियान्वयन न होना सरकार की अकर्मण्यता को दर्शाता है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही विक्रेताओं की वाजिब मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलनरत विक्रेताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी, और आवश्यक हुआ तो खाद्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा।
श्री धस्माना ने इस संबंध में खाद्य आयुक्त श्री रणवीर सिंह चौहान से फोन पर वार्ता कर विक्रेताओं की मांगों को तत्काल मानने का आग्रह किया।
इस पर आयुक्त श्री चौहान ने बताया कि उन्होंने दो दिन पूर्व ही पदभार संभाला है और आंशिक लाभांश एवं भाड़ा जारी कर दिया गया है, जबकि शेष बकाया एक माह के भीतर जारी किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विक्रेताओं के मानदेय पर विभाग गंभीरता से विचार करेगा।

धरने का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राशन विक्रेता फेडरेशन रेवाधर ब्रजवासी, नरेंद्र शर्मा, दिनेश कश्यप, अमीचंद सोनकर, संजय शर्मा, हरीश पंत, रघुवीर सिंह, सुनील शर्मा एवं दिनेश चौहान ने संयुक्त रूप से किया।
धरने में शामिल विक्रेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी छह सूत्री मांगों को शीघ्र नहीं माना, तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।

Recent Comments